About J.M. Sahdev 'Sonu'
जे.एम. सहदेव 'सोनू' का जन्म 09 जुलाई 1982 को उत्तराखंड के जनपद ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर में हुआ। आपने चित्रकला, हिंदी, राजनीति विज्ञान एवं इतिहास विषयों में स्नातकोत्तर तथा बी.एड. की शिक्षा प्राप्त की। अध्यापन को अपना कर्मक्षेत्र बनाते हुए आपने साहित्य और कला के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहचान स्थापित की है। आप एक संवेदनशील कवि, साहित्यकार, संपादक एवं कुशल चित्रकार हैं। आपका संपादित साझा काव्य-संग्रह 'खामोश आहटें' विशेष रूप से चर्चित रहा है। आपकी कविताएँ, लेख एवं रचनाएँ अभियान, दैनिक जागरण, उत्तर उजाला, उत्तरांचल दर्पण, दलित शोषित पत्र, पीपुल्स फ्रेंड, प्रेरणा-अंशु, मनासी तथा पंखुड़ी जैसी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशित होती रही हैं। आपकी कविताओं का प्रसारण आकाशवाणी, रामपुर से भी हो चुका है। साहित्य, शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में आपके उल्लेखनीय योगदान के लिए आपको मुंशी प्रेमचंद साहित्य सम्मान (2020), सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान (2020), शब्द साधक साहित्य सम्मान (2020), उत्कृष्ट कलाकृति सम्मान (2005) तथा उत्कृष्ट कवि सम्मान (2022) सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है। आप वर्तमान में साहित्य चेतना मंच, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के कोषाध्यक्ष तथा 'प्रेरणा-अंशु' मासिक पत्रिका के उप-संपादक के रूप में साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं संपादकीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।